Thursday, February 12, 2026
Homeअपराधदेहरादून अर्जुन हत्याकांड: 12 लाख की सुपारी में बेटे की हत्या, प्रॉपर्टी...

देहरादून अर्जुन हत्याकांड: 12 लाख की सुपारी में बेटे की हत्या, प्रॉपर्टी विवाद में मां समेत पांच गिरफ्तार

देहरादून। तिब्बती मार्केट के बाहर दिनदहाड़े कारोबारी और टेनिस खिलाड़ी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि करोड़ों की प्रॉपर्टी डील और पारिवारिक विवाद के चलते अर्जुन की हत्या की साजिश रची गई थी। इस मामले में मृतक की मां बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना, विनोद उनियाल सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को लेकर 14 करोड़ रुपये की डील हुई थी। डॉ. अजय खन्ना ने इस सौदे के तहत आठ करोड़ रुपये अग्रिम दे दिए थे। हालांकि, अर्जुन शर्मा इस सौदे का विरोध कर रहा था और संपत्ति में अपना आधा हिस्सा मांग रहा था। विवाद बढ़ने पर अर्जुन ने न्यायालय से स्टे ऑर्डर ले लिया, जिससे डील अटक गई।

आठ करोड़ रुपये फंसने के कारण डॉ. खन्ना लगातार रकम वापस मांग रहा था। इसको लेकर मां-बेटे के बीच तनाव गहराता गया। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद ने हत्या की साजिश को जन्म दिया। बीना शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अर्जुन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

12 लाख रुपये में तय हुई थी सुपारी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विनोद उनियाल के ड्राइवर पंकज ने अपने भाई राजीव के साथ मिलकर 12 लाख रुपये में हत्या की सुपारी ली थी। तीन लाख रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि बाकी रकम वारदात के बाद मिलनी थी। पूछताछ में दोनों ने पैसों के लालच में हत्या करना स्वीकार किया है। राजीव ने देसी तमंचे से अर्जुन के सीने में सटाकर गोली मारी थी।

दोनों शूटर मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं और फिलहाल देहरादून के इंदिरा कॉलोनी, चुक्खूवाला क्षेत्र में रह रहे थे।

36 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी
सरेआम हुई इस हत्या से शहर में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए तेजी से कार्रवाई की। 24 घंटे के भीतर शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया और 36 घंटे के अंदर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया गया। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

अजय सिंह, एसएसपी देहरादून

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments