Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का हंगामा, पुलिस मुख्यालय पहुंचकर कानून...

देहरादून में बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का हंगामा, पुलिस मुख्यालय पहुंचकर कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ते आपराधिक मामलों को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी सुभाष रोड स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे और सरकार तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। नेताओं ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार हालात पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है। आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गुंजन हत्याकांड, अर्जुन हत्याकांड और अब विक्रम शर्मा की हत्या ने देहरादून की शांति और सुकून को झकझोर कर रख दिया है। शहर के पॉश इलाकों में शुमार राजपुर रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुए गोलीकांड से एक बार फिर सनसनी फैल गई। बीते 11 दिनों में दिनदहाड़े हुई यह तीसरी हत्या है, जिससे पूरे शहर में दहशत का माहौल है।

हत्या की खबर सामने आते ही दूनवासियों में चिंता बढ़ गई। लोगों का कहना है कि कभी शांत माने जाने वाले देहरादून में जिस तरह से सिलसिलेवार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, उससे साफ है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून का डर खत्म होता जा रहा है।


दो हत्याओं के बाद बदले गए एसएसपी

लगातार बढ़ते अपराधों के बीच पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। देहरादून में 48 घंटे के भीतर दो हत्याओं के बाद एसएसपी अजय सिंह को हटा दिया गया है। उन्हें एसएसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उनकी जगह हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का एसएसपी नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना बनाया गया है। उनकी जगह चंपावत के एसपी अजय गणपति कुम्भार को ऊधमसिंह नगर भेजा गया है। चंपावत की जिम्मेदारी अब पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव को सौंपी गई है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments