Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तराखंडहरिद्वार: ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के बीएएमएस छात्र ने गंगा में कूदकर दी...

हरिद्वार: ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के बीएएमएस छात्र ने गंगा में कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा—“मैं असफल इंसान हूं”

हरिद्वार।
धर्मनगरी हरिद्वार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज में बीएएमएस द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र के कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने खुद को असफल इंसान बताते हुए जिंदगी से हार मानने की बात लिखी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान यशपाल (23) पुत्र पुष्पेंद्र पाल, निवासी साही भवन, इंद्रा नगर, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह हरिद्वार के मायापुर क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज से बीएएमएस की पढ़ाई कर रहा था और उसका दूसरा वर्ष चल रहा था।

बताया गया कि शुक्रवार से यशपाल लापता था। इसी दौरान देर शाम पथरी पावर हाउस क्षेत्र से गंगा नदी में एक युवक का शव बरामद हुआ। शनिवार सुबह जब शव को मोर्चरी ले जाया गया, तो साथी छात्रों ने शिनाख्त कर मृतक की पहचान यशपाल के रूप में की।

इसके बाद पुलिस ने यशपाल के मायापुर स्थित कमरे की तलाशी ली, जहां से एक सुसाइड नोट मिला। नोट में छात्र ने मानसिक तनाव का उल्लेख करते हुए आत्महत्या करने की बात कही है। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

साथी छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि परीक्षाओं और परिणामों में लगातार हो रही देरी के कारण वे मानसिक दबाव में हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इसी तनाव के चलते यशपाल मानसिक रूप से टूट चुका था और उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

स्थिति बिगड़ती देख शहर कोतवाली पुलिस और सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कई घंटे बाद जाकर प्रदर्शन समाप्त हुआ।

शहर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments