Monday, February 16, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड मौसम अपडेट: कल से फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश...

उत्तराखंड मौसम अपडेट: कल से फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार से प्रदेश के कई पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 17 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। हालांकि प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों और अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 18 फरवरी को भी मौसम का रुख लगभग इसी तरह बना रह सकता है। इसके बाद 19 से 21 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, पर्वतीय इलाकों में होने वाले इस मौसम बदलाव का तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा और दिन-रात के तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

उधर, बीते रविवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक खिली चटक धूप ने लोगों को गर्मी का एहसास कराया। राजधानी देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक बढ़कर 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक बढ़ोतरी के साथ 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान का हाल कुछ ऐसा ही रहा।

मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने और ताजा मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है, खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी को देखते हुए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments