Tuesday, February 17, 2026
Homeअपराधउत्तरकाशी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में 12...

उत्तरकाशी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में 12 किलो आरडीएक्स लगाने का दावा; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

उत्तरकाशी। सोमवार को उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर कोर्ट परिसर में बम और आरडीएक्स लगाए जाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे मेल में करीब 12 किलो आरडीएक्स बम होने का दावा किया गया, जिसके बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही खाली कराया गया कोर्ट परिसर

धमकी की जानकारी मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए रोक दी गई। भारी पुलिस बल के साथ अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर तैनात रही।

बम निरोधक दस्ता, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां सक्रिय

मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून से बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। इसके साथ ही एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों ने भी कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली। देर शाम तक चले तलाशी अभियान में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि जिला न्यायालय की ई-मेल आईडी पर धमकी मिलने के बाद नगर कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ई-मेल कहां से और किसने भेजा, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुछ देर बाधित रही न्यायिक कार्यवाही

सुरक्षा कारणों के चलते न्यायालय की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित रही। तलाशी अभियान पूरा होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही न्यायालय परिसर में लोगों को प्रवेश की अनुमति दी गई।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments