Saturday, February 21, 2026
Homeउत्तराखंडHaridwar News: कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए हरिद्वार...

Haridwar News: कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए हरिद्वार पहुंचे सीएम धामी, 234.55 करोड़ की लागत से 34 विकास कार्यों का शिलान्यास

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला नियंत्रण एवं कमांड सेंटर (सीसीआर भवन) में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध व समन्वित तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सीसीआर भवन में हुई समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला 2027 न केवल एक धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह राज्य की सांस्कृतिक पहचान और वैश्विक छवि से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और बेहतर मूलभूत सुविधाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।

बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत 34 प्रमुख विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन सभी स्थायी प्रकृति के कार्यों पर 234.55 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कुंभ मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के साथ-साथ हरिद्वार शहर के दीर्घकालीन विकास को सुदृढ़ करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से कुंभ मेले के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मेले के बाद भी इन परियोजनाओं का लाभ स्थानीय नागरिकों व पर्यटकों को लंबे समय तक मिलता रहेगा।


शिलान्यास किए गए कार्यों का विवरण

  1. घाट निर्माण एवं सिंचाई अवसंरचना

    • कुल कार्य: 07

    • अनुमानित लागत: ₹70.54 करोड़

  2. सड़क एवं परिवहन अवसंरचना

    • कुल कार्य: 12

    • अनुमानित लागत: ₹127.23 करोड़

  3. पेयजल एवं जल आपूर्ति अवसंरचना

    • कुल कार्य: 09

    • अनुमानित लागत: ₹18.11 करोड़

  4. श्रद्धालु सुविधाएं एवं सहायक अवसंरचना

    • कुल कार्य: 06

    • अनुमानित लागत: ₹18.67 करोड़

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि कुंभ मेला 2027 एक ऐतिहासिक और सफल आयोजन के रूप में देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments