रुद्रप्रयाग।
जनपद रुद्रप्रयाग के तहसील ऊखीमठ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पठाली में दिनदहाड़े भालू के हमले से हड़कंप मच गया। इस घटना में ग्राम प्रधान की पत्नी रामेश्वरी देवी (55) भालू के हमले में घायल हो गईं, लेकिन उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान पठाली मनबर सिंह नेगी की पत्नी रामेश्वरी देवी मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपने आवासीय मकान से लगभग 500 मीटर दूर एरेठी सुबदा नामक तोक में घास लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से आए भालू ने उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय रामेश्वरी देवी ने हिम्मत दिखाई और अपने हाथ में मौजूद दरांती से भालू पर प्रहार कर आत्मरक्षा की। संघर्ष के दौरान वह खेत से नीचे की ओर लुढ़क गईं और शोर मचाते हुए वहां से भागने में सफल रहीं। महिला की आवाज सुनकर उनके पति भी घर से घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक रामेश्वरी देवी आधे रास्ते तक सुरक्षित पहुंच चुकी थीं। इसी बीच भालू जंगल की ओर भाग गया।
हमले में रामेश्वरी देवी के दाहिने हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी हल्की चोटें बताई जा रही हैं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना के बाद ग्राम पठाली और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।