उत्तराखंड / नई दिल्ली:
कोटद्वार निवासी मोहम्मद दीपक ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से नई दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने दीपक का गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए उन्हें गले लगाया। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग इसे आपसी सद्भाव और मानवीय मूल्यों का प्रतीक बता रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद दीपक हाल ही में कोटद्वार के पटेल मार्ग पर स्थित एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर उपजे विवाद के बाद चर्चा में आए थे। यह मामला उस समय और सुर्खियों में आ गया था, जब राहुल गांधी ने इस विषय को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। इसके बाद से दीपक राष्ट्रीय स्तर पर पहचान में आए।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में दीपक ने आज नई दिल्ली स्थित राहुल गांधी के आवास पर उनसे मुलाकात की। वैभव वालिया ने बताया कि राहुल गांधी ने दीपक को आमंत्रित कर उनसे आत्मीय संवाद किया और उनके मानवीय कार्यों की सराहना की।
मोहम्मद दीपक अपने सामाजिक व्यवहार, इंसानियत और मानवीय मूल्यों के लिए जाने जाते हैं। मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने दीपक से स्नेहपूर्वक बातचीत की और समाज में सकारात्मक सोच व आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह मुलाकात केवल एक व्यक्ति के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और सेवा भाव जैसी मूल संवेदनाओं को सम्मान देने का संदेश है। राहुल गांधी द्वारा दीपक जैसे व्यक्तित्व को अपने आवास पर बुलाकर सम्मानित करना यह दर्शाता है कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उन लोगों के साथ खड़ी है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहे हैं।