Saturday, February 28, 2026
Homeअपराधहरिद्वार: बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा जारी, सोहलपुर केंद्र पर दो युवतियां दूसरे...

हरिद्वार: बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा जारी, सोहलपुर केंद्र पर दो युवतियां दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देते पकड़ी गईं

हरिद्वार: बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा जारी, सोहलपुर केंद्र पर दो युवतियां दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देते पकड़ी गईं

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के दौरान फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़े जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हरिद्वार जिले के बहादराबाद ब्लॉक स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोहलपुर परीक्षा केंद्र पर दो युवतियां अन्य छात्राओं की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ी गईं। घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को परीक्षा केंद्र पर गृह विज्ञान विषय की बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों द्वारा परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा दे रही दो युवतियों पर संदेह हुआ।

संदेह होने पर दोनों के प्रवेश पत्रों का मिलान किया गया, जिसमें दस्तावेज फर्जी पाए गए। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों की उत्तर पुस्तिकाएं सील कर जब्त कर ली गईं और गोपनीय अनुभाग को भेज दिया गया।

जांच में पता चला कि जिन छात्राओं की जगह परीक्षा दी जा रही थी, वे हरिद्वार के वर्णिका लालयान इंटर कॉलेज, हददीपुर में पंजीकृत हैं। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

केंद्र व्यवस्थापक चंद्रभान ने मामले की लिखित शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर परीक्षा केंद्र पर भी आठ फर्जी अभ्यर्थी पकड़े जा चुके हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों के चलते शिक्षा विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों को सख्त पहचान सत्यापन और निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments