Sunday, March 1, 2026
Homeअपराधजॉलीग्रांट में मजदूर की हत्या: पैसों के विवाद में साथी ने हथौड़े...

जॉलीग्रांट में मजदूर की हत्या: पैसों के विवाद में साथी ने हथौड़े से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

जॉलीग्रांट: पैसों के विवाद में श्रमिक की हत्या, साथी ने सिर पर हथौड़ा मारकर ली जान

देहरादून जिले के जॉलीग्रांट क्षेत्र में मजदूरी के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने एक श्रमिक की जान ले ली। रानीपोखरी थाना क्षेत्र के थानो स्थित धारकोट इलाके में एक मजदूर ने अपने ही साथी के सिर पर हथौड़ा मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि नीम करौली मंदिर, धारकोट के पास एक निर्माणाधीन मकान के अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तुरंत जॉलीग्रांट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बहराइच निवासी बबलू के रूप में

जांच के दौरान मृतक की पहचान बबलू पुत्र रिक्खी राम निवासी ग्राम जरही मोतीपुर, जनपद बहराइच (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। मृतक के भाई की तहरीर पर रानीपोखरी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

साथी श्रमिक पर हत्या का आरोप

शिकायत में मृतक के साथ मजदूरी करने वाले पप्पू साहनी पुत्र रामशरण निवासी वार्ड नंबर 7, बांक बैंक, बेगूसराय (बिहार) पर हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी की तलाश शुरू की और सूचना के आधार पर उसे भूईया मंदिर थानो मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।

क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि आरोपी और मृतक दोनों धारकोट क्षेत्र में साथ काम करते थे। पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने हथौड़े से वार कर हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव पर कंबल डालकर हुआ फरार

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 22 फरवरी की रात पैसों को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जो हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान उसने गुस्से में आकर बबलू के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बबलू जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

जब आरोपी ने उसे उठाने की कोशिश की और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह घबरा गया। अगले दिन उसने शव के ऊपर कंबल डाल दिया, कमरे को बाहर से बंद किया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments