Thursday, March 5, 2026
Homeअपराधदेहरादून: शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज के...

देहरादून: शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए हत्या का आरोप

देहरादून: शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए हत्या का आरोप

देहरादून में एक विवाहिता की शादी के महज तीन महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग निवासी कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम के साथ हुआ था। मृतका के भाई सलमान आसिफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शादी के समय उनकी ओर से ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दान-दहेज दिया गया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उनकी बहन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करता था।

परिजनों के मुताबिक, 18 फरवरी 2026 को कहकशा ने फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहा है और रकम लाने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा है। इसके बाद 3 मार्च की रात करीब 11 बजे भी उसने मायके फोन कर बताया कि पति, सास, ससुर, देवर और ननद उसे रुपये लाने के लिए परेशान कर रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, देर रात करीब 1:30 बजे मृतका के ससुर यासीन का फोन आया और कहा गया कि कहकशा की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलने पर परिवार के लोग तुरंत देहरादून पहुंचे, जहां अस्पताल में पता चला कि ससुराल पक्ष उसे पहले ही मृत अवस्था में अस्पताल लेकर आया था।

मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज के लालच में पति शहबाज, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम ने मिलकर उनकी बहन की हत्या कर दी।

पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments