उत्तराखंड में बढ़ने लगी गर्मी, मैदान से पहाड़ तक चढ़ा पारा; 7 मार्च से मौसम बदलने के आसार
देहरादून। उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मैदानों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिनभर तेज धूप खिलने से लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि कुछ दिनों बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 6 मार्च तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान सामान्य तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि शुष्क मौसम के चलते प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा सकता है।
देहरादून में रिकॉर्ड के करीब पहुंचा तापमान
राजधानी देहरादून में भी मार्च की शुरुआत में ही तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री अधिक है। पिछले दस वर्षों के आंकड़ों में मार्च की शुरुआत में इतना अधिक तापमान बहुत कम देखने को मिला है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले दस वर्षों में मार्च महीने में दर्ज अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा है—
| वर्ष | दिनांक | तापमान (°C) |
|---|---|---|
| 2025 | 26 मार्च | 29.0 |
| 2024 | 29 मार्च | 27.7 |
| 2023 | 21 मार्च | 29.8 |
| 2022 | 28 मार्च | 25.7 |
| 2021 | 26 मार्च | 31.8 |
| 2020 | 13 मार्च | 29.2 |
| 2019 | 22 मार्च | 26.2 |
| 2018 | 23 मार्च | 29.5 |
| 2017 | 28 मार्च | 28.4 |
| 2016 | 20 मार्च | 28.5 |
इन आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 में 26 मार्च को 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, जो अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड है।
जलवायु परिवर्तन और कम बारिश बनी वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार मार्च की शुरुआत में ही तापमान बढ़ने के पीछे जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न को बड़ी वजह माना जा रहा है। इसके अलावा जनवरी और फरवरी में पर्याप्त बारिश न होने के कारण भी तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।
7 मार्च से बदल सकता है मौसम
हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 7 मार्च से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।