Thursday, March 5, 2026
Homeउत्तराखंडSrinagar Garhwal: कीर्तिनगर में होली के दिन मारपीट, आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार...

Srinagar Garhwal: कीर्तिनगर में होली के दिन मारपीट, आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कर किया प्रदर्शन

श्रीनगर गढ़वाल: पौड़ी जिले के कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में होली के दिन हुई मारपीट की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय और कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव किया। व्यापारियों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, होली के दिन कीर्तिनगर बाजार स्थित चेक पोस्ट के पास कुछ युवकों और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कीर्तिनगर नैथाना क्षेत्र के कुछ युवकों ने बाजार में व्यापारियों के साथ अभद्रता की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़कर मारपीट में बदल गया।

मारपीट की इस घटना में एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त है।

घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने कीर्तिनगर बाजार बंद रखा और बड़ी संख्या में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों के नियमित संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने, ओवरस्पीड वाहनों पर नियंत्रण लगाने और मारपीट के आरोपियों के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई की मांग उठाई।

इस मौके पर उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments