देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित यूट्यूबर और बिग बॉस के पूर्व प्रतिभागी अनुराग डोभाल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह रोते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने अपने परिवार पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई है और यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लंबे समय से मानसिक तनाव में होने का दावा
वीडियो में अनुराग डोभाल ने कहा कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। उन्होंने अपने जीवन में आए कई संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि अब परिस्थितियां ऐसी हो गई हैं कि उन्हें यह सब सहन करना बेहद मुश्किल लग रहा है।
उत्तराखंड के डोईवाला निवासी अनुराग डोभाल ने बताया कि उन्होंने हमेशा अपने परिवार के लिए काम किया और उनकी जिम्मेदारियां उठाईं, लेकिन अब वही लोग उनके खिलाफ खड़े हो गए हैं।
वीडियो में जताई गहरी पीड़ा
अनुराग डोभाल ने वीडियो में भावुक होते हुए कहा कि संभव है यह उनका आखिरी वीडियो हो और इसके बाद वह फिर कभी वीडियो न बना पाएं। उनके इस बयान के बाद उनके फैंस काफी चिंतित हो गए हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग उन्हें हिम्मत बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दे रहे हैं।
14 साल की उम्र में हुआ था ब्रेन ट्यूमर
अनुराग ने अपने संघर्षों का जिक्र करते हुए बताया कि जब वह केवल 14 साल के थे, तब उन्हें ब्रेन ट्यूमर का पता चला था। यह उनके जीवन का बेहद कठिन दौर था, लेकिन उन्होंने इस बीमारी से लड़ाई लड़ी और आगे बढ़ने का साहस जुटाया।
उन्होंने कहा कि उस समय से ही उनके मन में अपने माता-पिता के लिए कुछ करने की इच्छा थी। इसी सोच के साथ उन्होंने कड़ी मेहनत की और सोशल मीडिया के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई।
पत्नी से अलग होने की बात भी कही
वीडियो में अनुराग डोभाल ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी रितिका उनसे अलग हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि रितिका से उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। शुरुआत में वह उनकी फैन थीं और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया, लेकिन अनुराग के मुताबिक उनका परिवार इंटरकास्ट शादी के खिलाफ था। उन्होंने दावा किया कि शादी से छह दिन पहले ही परिवार के लोगों ने समारोह में आने से मना कर दिया था।
फैंस कर रहे हिम्मत रखने की अपील
वीडियो के अंत में अनुराग ने कहा कि यदि इस मानसिक तनाव के कारण उनके साथ कुछ भी गलत होता है तो इसके लिए उनके माता-पिता और भाई जिम्मेदार होंगे।
वीडियो वायरल होने के बाद उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स लगातार उन्हें मजबूत बने रहने और किसी भी तरह का गलत कदम न उठाने की अपील कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में उनके परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।