देहरादून: उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी के बीच रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 15 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ हिस्सों में भी तेज हवा चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
अगर शनिवार के तापमान पर नजर डालें तो देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग चार डिग्री अधिक था।
वहीं पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः छह और चार डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है और बीच-बीच में बादल, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।