Sunday, March 15, 2026
Homeउत्तराखंडBageshwar News: कपकोट बाजार की निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिला नेपाली मजदूर का...

Bageshwar News: कपकोट बाजार की निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिला नेपाली मजदूर का कंकाल, बीमारी से मौत की आशंका

बागेश्वर। जिले के कपकोट मुख्य बाजार में एक निर्माणाधीन भवन के अंदर मानव कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान नेपाली मूल के एक मजदूर के रूप में हुई है। पुलिस का मानना है कि लंबे समय से बीमार रहने के कारण उसकी मौत हो सकती है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि कपकोट मुख्य बाजार में लंबे समय से बंद पड़ी एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के अंदर मानव कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कपकोट थाने के एसओ प्रताप सिंह नगरकोटी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। सीओ मनीष शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान नेपाली मूल के मजदूर विनोद (लगभग 50 से 55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से कपकोट क्षेत्र में मजदूरी का काम कर रहा था।

बताया जा रहा है कि विनोद पहले क्षेत्र के एक मंदिर में रहता था, लेकिन बाद में तबीयत खराब रहने के कारण वह नदी किनारे स्थित इस निर्माणाधीन भवन में रहने लगा था। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से बीमार चल रहा था, इसलिए बीमारी के चलते उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक का शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी मौत काफी समय पहले हो चुकी थी। पुलिस ने कंकाल का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

सीओ मनीष शर्मा ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों की तलाश भी की जा रही है, ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके। इस घटना के बाद कपकोट बाजार क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments