Tuesday, March 17, 2026
Homeउत्तराखंडऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ, सीएम धामी ने किया उद्घाटन;...

ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ, सीएम धामी ने किया उद्घाटन; देश-विदेश से पहुंचे हजारों योग साधक

ऋषिकेश में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की शुरुआत

ऋषिकेश के मुनि की रेती स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के गंगा रिजॉर्ट में सोमवार से सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए योग साधकों, संत-महात्माओं और योगाचार्यों की उपस्थिति में महोत्सव की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई।

महोत्सव में इस वर्ष करीब 2500 योग जिज्ञासुओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें लगभग 220 विदेशी प्रतिभागी शामिल हैं। इसके अलावा देशभर के करीब 150 योग संस्थानों और योग केंद्रों के प्रतिनिधि भी महोत्सव में भाग ले रहे हैं। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में 80 से अधिक योगाचार्य लगभग 250 यौगिक, आध्यात्मिक और ध्यान संबंधी सत्रों का संचालन करेंगे।

योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन समारोह में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि संपूर्ण जीवन शैली है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है और इसके माध्यम से शरीर, मन और आत्मा को संतुलित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड सरकार ऋषिकेश को विश्व की योग राजधानी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को केवल अभ्यास तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवन शैली में शामिल करें।

सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान समय में 180 से अधिक देशों में लोग योगाभ्यास कर रहे हैं, जो भारत की संस्कृति और परंपरा की वैश्विक पहचान को दर्शाता है।

प्रदेश में बनाए जाएंगे पांच नए योग हब

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार योग के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड में पांच नए योग हब स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा आयुष वेलनेस सेंटर के माध्यम से भी योग और आयुर्वेद को बढ़ावा दिया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

महोत्सव के दौरान योग सत्रों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसमें गढ़वाली लोकनृत्य, राजस्थान का प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य, पंजाब का भांगड़ा, नाद योग सेंटर ऋषिकेश की ओर से नाद योग की प्रस्तुति तथा गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न यौगिक क्रियाओं का प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हेरिटेज वॉक डॉक्यूमेंट्री और ‘गॉडलैंड’ पुस्तक का विमोचन भी किया। शाम के सांध्यकालीन सत्र में प्रसिद्ध गायक लखविंदर वडाली की प्रस्तुति ने उपस्थित योग साधकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

चौरासी कुटिया को बनाया गया हेरिटेज वॉक

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि इस बार योग महोत्सव में प्रतिभागियों के लिए महर्षि महेश योगी की चौरासी कुटिया को विशेष रूप से हेरिटेज वॉक के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा महोत्सव के दौरान योग क्रॉस कंट्री रेस का भी आयोजन किया जाएगा।

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ऋषिकेश को योग की राजधानी के रूप में विश्वभर में पहचान मिली है। गंगा तट पर योगाभ्यास के लिए गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रदूषण को नियंत्रित करने के प्रयास किए जाएंगे।

चारधाम यात्रा के लिए 5.86 लाख से अधिक पंजीकरण

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि 6 मार्च से अब तक चारधाम यात्रा के लिए लगभग 5 लाख 86 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें यमुनोत्री के लिए 1,07,751, गंगोत्री के लिए 1,10,122, केदारनाथ के लिए 1,95,847 और बदरीनाथ के लिए 1,72,669 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है।

बजरंग सेतु के उद्घाटन पर सीएम ने कहा—जल्द होगा उद्घाटन

महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री से जब मीडिया ने टिहरी और पौड़ी को जोड़ने वाले लक्ष्मणझूला क्षेत्र में बने बजरंग सेतु के उद्घाटन को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि पुल का उद्घाटन जल्द ही किया जाएगा।

वहीं बापूग्राम, शिवाजीनगर और मीरानगर समेत वन भूमि प्रकरण में घिरे क्षेत्रों को राजस्व ग्राम घोषित करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments