देहरादून: रिस्पना किनारे खंडहर में मिली युवती की लाश, ड्रग्स की ओवरडोज से मौत की आशंका
राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब रिस्पना नदी के किनारे एक खंडहरनुमा मकान में 26 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। घटना चूना भट्टा इलाके की है। पुलिस प्रारंभिक जांच में ड्रग्स की ओवरडोज से मौत की आशंका जता रही है, हालांकि शव पर चोट के निशान मिलने के कारण हत्या की संभावना को भी खारिज नहीं किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर चूना भट्टा क्षेत्र के पास एक खंडहरनुमा मकान में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान शिवानी अरोरा (26) निवासी पंचपुरी सूरज बस्ती, अधोईवाला, थाना रायपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवानी की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। वह लंबे समय से नशे की लत की शिकार थी और तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती रह चुकी थी।
परिजनों के अनुसार शिवानी को दोबारा हरिद्वार स्थित नशा मुक्ति केंद्र भेजने की तैयारी चल रही थी। लेकिन वह पिछले तीन-चार दिनों से घर नहीं लौटी थी, जिससे परिवार के लोग चिंतित थे।
घटनास्थल पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को कब्जे में लिया और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। बाद में परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई।
पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मृतका की आंख और पैर में चोट के निशान भी मिले हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत नशे के ओवरडोज से प्रतीत हो रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।