देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के साथ तूफान की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में मौसम अधिक खराब रहने का अनुमान जताया गया है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार आज देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा इन क्षेत्रों में तेज हवाएं और तूफान आने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और रास्तों के प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
वहीं मैदानी जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। देहरादून समेत कई स्थानों पर तेज बारिश के दौर के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को भी संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का यह बदला हुआ मिजाज जारी रह सकता है। पूर्वानुमान के मुताबिक 25 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश होने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।