Tuesday, March 24, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तरकाशी के फीताड़ी गांव में भीषण अग्निकांड, 12 मकान जलकर राख; तीन...

उत्तरकाशी के फीताड़ी गांव में भीषण अग्निकांड, 12 मकान जलकर राख; तीन गाय जिंदा जली

फीताड़ी गांव में रात को लगी भीषण आग, कई परिवारों का सबकुछ स्वाहा

उत्तरकाशी। जनपद के मोरी विकासखंड के दूरस्थ फीताड़ी गांव में देर रात भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। आग लगने से 12 लोगों के आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि घटना में तीन गाय जिंदा जलने से मर गईं। ग्रामीणों और प्रशासन की कड़ी मशक्कत के बाद करीब सात घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका

मिली जानकारी के अनुसार मोरी तहसील क्षेत्र के फीताड़ी गांव में देर रात दो लकड़ी के मकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। गांव में अधिकतर घर लकड़ी के बने होने और उनके बीच दूरी कम होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

ग्रामीणों और प्रशासन ने मिलकर बुझाई आग

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

लगातार प्रयासों के बाद करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक कई परिवारों का आशियाना पूरी तरह जल चुका था।

घनी बस्ती और लकड़ी के मकानों से बढ़ा खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में अधिकांश मकान लकड़ी के बने हैं और बस्ती काफी घनी है। यही वजह रही कि आग लगते ही वह तेजी से फैलती चली गई और कई मकान इसकी चपेट में आ गए। प्रशासन ने समय रहते अन्य मकानों को बचाने के लिए प्रयास तेज किए।

12 आवासीय भवनों में लगी आग

ग्राम पंचायत फीताड़ी के ग्राम प्रधान के अनुसार गांव में 12 आवासीय भवनों में आग लगने की पुष्टि हुई है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

प्रभावित परिवारों को राहत देने के निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री Madan Kaushik ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग से समन्वय कर प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।

प्रशासन के अनुसार आग से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments