देहरादून: छात्रों के दो गुटों में विवाद, मुजफ्फरनगर के छात्र की मौत; पुलिस ने तीन युवकों को लिया हिरासत में
राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद में एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान देर रात युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भोपा निवासी दिव्यांशु जाटराना (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के युवक देहरादून के एक निजी संस्थान में पढ़ाई करते हैं और उनके बीच पहले से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।