Wednesday, March 25, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून के कालसी में भीषण सड़क हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में...

देहरादून के कालसी में भीषण सड़क हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर टोंस नदी में समाया लोडर वाहन; चालक की मौत

देहरादून: जनपद देहरादून के कालसी क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिपुर-कोटी-क्वानू-मीनस राजमार्ग पर लालढांग के पास एक लोडर (पिकअप) वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़कते हुए टोंस नदी में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के अंबाड़ी निवासी अजय भाटी (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय भाटी लोडर वाहन में राशन का सामान लेकर विकासनगर से त्यूणी की ओर जा रहा था। इसी दौरान लालढांग के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिरते हुए सीधे टोंस नदी में जा समाया।

कोतवाली प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे चालक के परिजनों ने थाने में संपर्क कर सूचना दी कि अजय भाटी त्यूणी के लिए निकला था, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वह वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की।

सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम इकाई प्रभारी सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। तलाश के दौरान लालढांग के पास टोंस नदी में एक वाहन गिरा हुआ दिखाई दिया। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।

एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आ रही है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments