Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तराखंडUttarakhand: दून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा का शुभारंभ, 12-14 घंटे का सफर अब एक...

Uttarakhand: दून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा का शुभारंभ, 12-14 घंटे का सफर अब एक घंटे में पूरा

देहरादून। उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गुरुवार से देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू हो गई है। इस सेवा के शुरू होने से अब तक 12 से 14 घंटे में पूरा होने वाला लंबा सफर अब महज एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में इस हवाई सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने एलायंस एयर की उड़ान में सवार यात्रियों से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है और इससे राज्य की हवाई सेवाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।

रामनवमी के अवसर पर शुरू हुई सेवा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रामनवमी के पावन अवसर पर इस सेवा का शुभारंभ होना बेहद शुभ संकेत है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की हवाई संपर्क योजना (उड़ान) के तहत दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों को हवाई मार्ग से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकें।

42 सीटों वाले विमान से होगी उड़ान

देहरादून से पिथौरागढ़ के नैनी सैनी हवाई अड्डे के लिए यह सेवा एलायंस एयर द्वारा संचालित की जा रही है। इस रूट पर लगभग 42 सीटों वाले विमान से नियमित उड़ान भरी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

अन्य जिलों को भी जोड़ने की तैयारी

सरकार हवाई संपर्क योजना के तहत प्रदेश के अन्य जिलों को भी आपस में जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए विभिन्न हवाई अड्डों के विकास और नई उड़ानों की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।

देहरादून से पिथौरागढ़ तक शुरू हुई यह उड़ान सेवा सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी, क्योंकि अब तक उन्हें सड़क मार्ग से लंबी और कठिन यात्रा करनी पड़ती थी।

प्रोजेक्ट शुरू हो तो बिना रुकावट आगे बढ़े: सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने यह सिद्धांत अपनाया है कि एक बार कोई प्रोजेक्ट शुरू हो जाए, तो उसे बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देहरादून और पिथौरागढ़ को जोड़ने वाली 42 सीटों की यह उड़ान सेवा न केवल आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी और सीमांत क्षेत्रों के विकास को नई गति प्रदान करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments