Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तराखंडपीसीएस और लोअर पीसीएस भर्ती में देरी पर सरकार सख्त, 1 अप्रैल...

पीसीएस और लोअर पीसीएस भर्ती में देरी पर सरकार सख्त, 1 अप्रैल को सचिवालय में सभी विभागों की बैठक

देहरादून। उत्तराखंड में पीसीएस और लोअर पीसीएस भर्ती परीक्षाओं में हो रही देरी को लेकर शासन ने सख्त रुख अपना लिया है। भर्ती प्रक्रिया आगे न बढ़ पाने की वजह से अब कार्मिक विभाग ने सभी विभागों के साथ एक अहम बैठक बुलाने का फैसला किया है। यह बैठक एक अप्रैल को सचिवालय में आयोजित होगी, जिसमें विभागों को अपने रिक्त पदों से जुड़ी पूरी जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल, हाल ही में सामने आया था कि इस वर्ष अभी तक पीसीएस और लोअर पीसीएस भर्ती के लिए राज्य लोक सेवा आयोग को किसी भी विभाग की ओर से अधियाचन नहीं भेजा गया है। आयोग ने पहले जारी किए गए परीक्षा कैलेंडर में इन दोनों भर्तियों को प्रस्तावित किया था, लेकिन अधियाचन न मिलने के कारण बाद में संशोधित कैलेंडर से इन्हें हटा दिया गया।

बताया गया कि शासन की ओर से विभागों को कई बार पत्र भेजकर रिक्त पदों का विवरण देने को कहा गया, लेकिन कई विभागों ने अब तक रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। इस कारण भर्ती प्रक्रिया में लगातार देरी हो रही है और अभ्यर्थियों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

अब कार्मिक विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी विभागों की बैठक बुलाई है। सचिव कार्मिक की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सभी विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभागों में मौजूद रिक्त पदों के अधियाचन, रोस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल हों।

साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि जिन विभागों में फिलहाल कोई रिक्त पद नहीं हैं, उनके अधिकारी भी इसकी सूचना देने के लिए बैठक में उपस्थित रहें। माना जा रहा है कि बैठक के बाद विभागों से रिक्तियों का पूरा ब्योरा मिलने पर पीसीएस और लोअर पीसीएस भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments