रुड़की। रामनगर बाजार में पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर तीन युवकों ने एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे लात-घूसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। घायल को उपचार के दौरान कई टांके लगाने पड़े। घटना के दौरान मौके पर हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
पुलिस के अनुसार कृष्णानगर निवासी तुषार अरोड़ा पुहाना चौक पर ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। शनिवार शाम वह अपनी पत्नी मोनिका अरोड़ा और बेटे के साथ रामनगर बाजार घूमने आए थे। इसी दौरान वह लेबर चौक के पास फास्ट फूड खाने के लिए रुक गए।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और तुषार की पत्नी पर फब्तियां कसने लगे। विरोध करने पर युवकों ने छेड़खानी शुरू कर दी। मोनिका अरोड़ा ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद तुषार अरोड़ा ने युवकों को ऐसा करने से मना किया और विरोध जताया।
विरोध से नाराज युवकों ने तुषार पर हमला कर दिया और लात-घूसों से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में तुषार के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें हमलावरों से छुड़ाया।
पीड़ित तुषार अरोड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपी उसकी जेब में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये भी छीनकर फरार हो गए।
कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।