देहरादून: राजधानी देहरादून में हाल ही में सामने आए गोलीकांड और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना को लेकर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मसूरी क्षेत्र-3 के उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह तथा कुठालगेट चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था में लापरवाही और घटना के प्रति जिम्मेदारी तय करने के उद्देश्य से की गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि प्रदेशभर में तुरंत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और अवांछित तथा हुड़दंग मचाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से रोड रेज की घटनाओं, फायरिंग की वारदातों और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ काम करें ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
सीएम धामी ने दो टूक कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सरकार के इस सख्त रुख के बाद प्रदेशभर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।