देहरादून: उत्तराखंड में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पुलिस प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्रवाई करेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
राजधानी देहरादून में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व ब्रिगेडियर हत्या मामले में तत्काल कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद देहरादून में हाल ही में हुई पूर्व ब्रिगेडियर की हत्या के मामले में तत्काल कार्रवाई की गई है। इस मामले में कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार और उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
बार-पब और देर रात गतिविधियों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स पर सख्ती बरतने और देर रात होने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने प्रदेशभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि हुड़दंग करने वाले और अवांछित तत्वों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सके। रोड रेज, फायरिंग और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस को पूरी मुस्तैदी के साथ काम करने को कहा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कई वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
- आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को देहरादून की कानून व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
- एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल को अधीनस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
- आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह को देहरादून में सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी
मुख्यमंत्री ने सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं फील्ड में सक्रिय रहें और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाएं। बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने और सुबह के समय भी पुलिसबल की सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
किरायेदार और पीजी का होगा सत्यापन
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों का सघन सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। साथ ही होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।