देहरादून: राजधानी देहरादून में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस ने बुधवार देर रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऑपरेशन प्रहार के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 149 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया और मौके पर ही करीब 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले 67 वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब के नशे में वाहन चलाने, हुड़दंग करने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों और लोगों की जांच की।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस टीमों को तैनात कर चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 70 लोगों को मौके पर ही हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। इस दौरान 143 वाहन चालकों से 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि कुल 157 वाहनों के चालान किए गए। गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर 67 वाहनों को सीज कर दिया गया।
इसके अलावा पुलिस ने किरायेदार और कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर भी सघन जांच की। बिना सत्यापन किरायेदार रखने और प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों को काम पर रखने वाले मकान मालिकों व संचालकों पर करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के तहत पुलिस ने शहर के विभिन्न पीजी और हॉस्टलों में भी आकस्मिक चेकिंग की। एसएसपी ने हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं को चेतावनी देते हुए कहा कि पढ़ाई की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।