Friday, April 3, 2026
Homeअपराधहरिद्वार: एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने खुद को मारी गोली, युवती...

हरिद्वार: एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने खुद को मारी गोली, युवती से मारपीट कर मोबाइल छीनने के बाद उठाया आत्मघाती कदम

हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एकतरफा प्यार में सनक की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने पहले युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। इसके कुछ ही समय बाद वह बहादराबाद क्षेत्र में गैस प्लांट के पास खाली मैदान में गोली लगने से मृत मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के फैजाबाद की रहने वाली एक युवती इन दिनों हरिद्वार के जमालपुर क्षेत्र स्थित राम वाटिका में रहकर एक फैक्ट्री में काम कर रही है। युवती ने गैस प्लांट चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि उसके गांव का रहने वाला सुजीत वर्मा जमालपुर चौक के पास उसे मिला और उससे विवाद करने लगा।

युवती का आरोप है कि युवक ने उसके साथ मारपीट की, उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और युवक की तलाश शुरू कर दी गई।

पुलिस ने युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम पीछा करते हुए बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास पहुंची। यहां बाउंड्री वॉल के पीछे एक खाली मैदान में युवक का शव पड़ा मिला।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक ने अपने पास मौजूद पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल बरामद कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवती से मारपीट, धमकी और युवक की ओर से उठाए गए आत्मघाती कदम के बीच संबंधों को खंगाला जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया।

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद पूरे मामले की वास्तविक परिस्थितियां सामने आएंगी। फिलहाल इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments