Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में सीएम धामी ने पांच विधानसभा क्षेत्रों की घोषणाओं की समीक्षा,...

देहरादून में सीएम धामी ने पांच विधानसभा क्षेत्रों की घोषणाओं की समीक्षा, पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश

देहरादून में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत प्रदेश के पांच विधानसभा क्षेत्रों—थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग से जुड़ी विकास योजनाओं और समस्याओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विधायकगण अपने-अपने क्षेत्रों की जो समस्याएं सरकार के सामने उठा रहे हैं, उन्हें गंभीरता से लिया जाए और उनका शीघ्र समाधान किया जाए। जिन योजनाओं का कार्य जल्द पूरा किया जा सकता है, उनमें किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही विकास कार्यों में लापरवाही या देरी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और हेली एंबुलेंस सेवा को समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में सुधार सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए संबंधित विभाग इन क्षेत्रों में चल रही योजनाओं को गति दें।

विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों में यदि किसी विभाग को प्रस्ताव दूसरे विभाग को भेजना है तो उसे शीघ्र भेजा जाए। इस प्रक्रिया में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि बैठक के दौरान विधायकगणों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान संबंधित विभागीय सचिव प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।

वन विभाग के लंबित मामलों की होगी अलग समीक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े जो प्रकरण वन विभाग में लंबित हैं, उनकी अलग से समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही मानसून से पहले संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि मानसून से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।

चारधाम यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों को लेकर होटल एसोसिएशन के साथ समय-समय पर बैठक करने और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments