Wednesday, April 8, 2026
Homeउत्तराखंडटिहरी झील में ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता शुरू, सीएम...

टिहरी झील में ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता शुरू, सीएम धामी ने किया वर्चुअल उद्घाटन; 19 टीमों के 400 से अधिक खिलाड़ी शामिल

उत्तराखंड के टिहरी जिले में स्थित टिहरी बांध झील के कोटी कॉलोनी क्षेत्र में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को इस प्रतियोगिता का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। देशभर के विभिन्न पुलिस बलों की 19 टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं, जिनमें 400 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।

दरअसल, टिहरी क्षेत्र में रातभर हुई भारी बारिश के कारण मुख्यमंत्री धामी उद्घाटन कार्यक्रम में शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हो सके। इसके चलते उन्होंने वर्चुअल माध्यम से प्रतियोगिता का उद्घाटन कर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

आईटीबीपी को मिली मेजबानी

अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता की मेजबानी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को सौंपी गई है। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता की शुरुआत 8 अप्रैल से हुई है और इसका समापन 12 अप्रैल को किया जाएगा।

देशभर के 19 पुलिस बलों की भागीदारी

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रीय पुलिस बलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें आईटीबीपी, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, असम राइफल्स, आंध्र प्रदेश पुलिस, अंडमान पुलिस, चंडीगढ़ पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, महाराष्ट्र पुलिस, मणिपुर पुलिस, मध्य प्रदेश पुलिस, ओडिशा पुलिस, पंजाब पुलिस, राजस्थान पुलिस, तमिलनाडु पुलिस, तेलंगाना पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस शामिल हैं।

इन सभी टीमों के कुल 440 महिला और पुरुष खिलाड़ी टिहरी झील पहुंच चुके हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

कई स्पर्धाओं में होगा मुकाबला

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कैनोइंग, कयाकिंग और रोइंग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार कैनोइंग की 18, कयाकिंग की 18 और रोइंग की 16 रेस आयोजित होंगी।

कैनोइंग और कयाकिंग में 200 मीटर, 500 मीटर और 1000 मीटर की दौड़ कराई जाएगी, जबकि रोइंग स्पर्धा में 500 मीटर और 2000 मीटर की रेस आयोजित की जाएगी।

टिहरी झील की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए रोमांचक अनुभव होने के साथ ही उत्तराखंड में एडवेंचर और वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments