Thursday, October 8, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडनैनीताल में धतूरा खाने से एक ही परिवार के तीन लोग बीमार,...

नैनीताल में धतूरा खाने से एक ही परिवार के तीन लोग बीमार, बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती

नैनीताल: जिले के ग्रामीण क्षेत्र में जहरीले पौधे धतूरा का सेवन करने से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने तीनों को देर रात अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से अब मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के निगलाट सिरोड़ी गांव निवासी लक्ष्मी देवी (85) मंगलवार शाम खेत में साग तोड़ने के लिए गई थीं। उम्र अधिक होने और आंखों से कम दिखाई देने के कारण वह अनजाने में साग के साथ धतूरा का पौधा भी तोड़ लाई थीं। शाम को घर पहुंचने के बाद लक्ष्मी देवी ने वही साग की सब्जी बनाई, जिसे उन्होंने अपने बेटे करन रौतेला (56) और बहू प्रियंका (25) के साथ रोटी के साथ खा लिया।

बताया जा रहा है कि खाना खाने के कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें चक्कर आने लगे और शरीर में बेचैनी महसूस होने लगी। परिवार की बेटी कोमल, जिसने वह सब्जी नहीं खाई थी, उसने जब तीनों की हालत बिगड़ती देखी तो उनसे पूछताछ की। इसके बाद परिजन खेत में पहुंचे और जांच की तो पता चला कि साग में धतूरा का पौधा मिल गया था।

स्थिति गंभीर होते देख परिजन तुरंत तीनों को देर रात नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद तीनों को भर्ती कर लिया और उनकी निगरानी में इलाज शुरू किया गया।

अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एमएस दुग्ताल ने बताया कि धतूरा एक अत्यंत जहरीला पौधा होता है। इसके सेवन से चक्कर आना, उलझन, घबराहट, बेहोशी और मानसिक भ्रम जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने के कारण तीनों मरीजों की हालत अब पहले से बेहतर और स्थिर है।

डॉक्टरों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि खेतों या जंगलों से साग-सब्जी तोड़ते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। किसी भी अनजान या संदिग्ध पौधे को खाने से बचना चाहिए, क्योंकि कई जंगली पौधे स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं। फिलहाल अस्पताल प्रशासन के अनुसार तीनों मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments