उत्तरकाशी: उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की मौत का सिलसिला चिंता बढ़ाने लगा है। उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र में बीते दो दिनों में दो श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। ताजा मामला इंदौर (मध्य प्रदेश) से आई एक महिला श्रद्धालु का है, जिनकी देर रात जानकीचट्टी के पास मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी 40 वर्षीय प्रतिभा मिश्रा यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आई थीं। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें अचेत अवस्था में जानकीचट्टी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर हरदेव सिंह पंवार ने बताया कि महिला को अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थीं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी जा चुकी है एक श्रद्धालु की जान
इससे पहले रविवार को भी जानकीचट्टी में एक अन्य श्रद्धालु की मौत हो गई थी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 3:45 बजे एक नेपाली मजदूर द्वारा एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और शव को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बाद में मृतक की पहचान उदय गजानन तांबे (65), निवासी नासिक (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वे भी यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए थे।
प्रशासन अलर्ट, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर जोर
लगातार हो रही मौतों के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।