देहरादून:
राजधानी देहरादून में आज रात ब्लैकआउट मॉकड्रिल के जरिए आपदा प्रबंधन तंत्र की तत्परता को परखा जाएगा। प्रशासन की ओर से यह अभ्यास नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी, विभागों के बीच समन्वय और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात 10 बजे से शहर के विभिन्न हिस्सों में लगभग 30 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। ब्लैकआउट के दौरान स्ट्रीट लाइट, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की रोशनी अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी।
मॉकड्रिल शुरू होने से पहले संबंधित इलाकों में आपातकालीन सायरन बजाए जाएंगे, जिससे लोगों को अभ्यास की जानकारी मिल सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अभ्यास है, इसलिए नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है और वे इसमें सहयोग करें।
यह मॉकड्रिल भारत सरकार के निर्देशों के तहत आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य किसी भी संभावित आपदा या आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
इससे पहले गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभ्यास से तंत्र की कमजोरियों की पहचान करने और उन्हें दूर करने में मदद मिलती है, जिससे भविष्य में आपात स्थितियों से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।