देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ ‘महाआक्रोश अभियान’ की शुरुआत करते हुए शुक्रवार को जन आक्रोश पदयात्रा निकाली। परेड ग्राउंड से शुरू हुई इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
पदयात्रा के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर उनके रुख पर सवाल उठाए। भाजपा महिला मोर्चा का आरोप है कि विपक्ष ने संसद में इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध कर महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की अनदेखी की है।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक कारणों से इसका विरोध कर देश की आधी आबादी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
प्रदेशभर में चलाया जाएगा अभियान
महाआक्रोश अभियान के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में महिला जन आक्रोश पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और कांग्रेस के रुख के खिलाफ जनमत तैयार किया जाएगा।
इसके साथ ही महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिला छात्रावासों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जहां युवतियों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भी दस दिनों तक लगातार अभियान चलाकर इस मुद्दे को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है।
महिला मोर्चा ने बताया कि अभियान में महिला जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
रुचि भट्ट ने प्रदेश की सभी महिलाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।