Monday, April 27, 2026
Homeअपराधनैनीताल में सनसनी: डिप्रेशन से जूझ रहे अधिवक्ता ने कार में खुद...

नैनीताल में सनसनी: डिप्रेशन से जूझ रहे अधिवक्ता ने कार में खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट बरामद

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल शहर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां क्लेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को एक अधिवक्ता ने अपनी कार के भीतर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे। पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मानसिक तनाव और बीमारी का जिक्र किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि या उसकी पूरी सामग्री सार्वजनिक नहीं की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्लेक्ट्रेट परिसर की पार्किंग में खड़ी एक कार से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोगों ने जब कार के पास जाकर देखा तो अंदर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। इसकी सूचना तुरंत पार्किंग संचालक द्वारा अन्य अधिवक्ताओं और पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार के भीतर देखा तो अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी मृत अवस्था में मिले। उनके हाथ में पिस्टल मौजूद थी। वहीं, कार के आगे डैशबोर्ड से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, सुसाइड नोट में लिखा गया है कि वह अपनी बीमारी और मानसिक तनाव से बेहद परेशान थे और अब जीवन को आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे। साथ ही उन्होंने अपने परिजनों, विशेषकर पत्नी का ध्यान रखने की अपील प्रशासन से की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।

इस संबंध में एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, इस घटना के बाद शहर में शोक और चिंता का माहौल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments