Tuesday, April 28, 2026
Homeउत्‍तर प्रदेशदून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का असर: सीएम धामी ने ढाई घंटे में तय किया...

दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का असर: सीएम धामी ने ढाई घंटे में तय किया सफर, बोले—कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण

देहरादून: उत्तराखंड में तेजी से विकसित हो रहे सड़क नेटवर्क का प्रभाव अब साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली दौरे से लौटते समय दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यात्रा कर इसका अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने दिल्ली से देहरादून का सफर महज ढाई घंटे में पूरा किया, जो पहले की तुलना में काफी कम समय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार और विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सड़क और परिवहन सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसका सीधा लाभ अब पर्वतीय राज्यों को भी मिल रहा है।

सीएम धामी ने बताया कि दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर न केवल यात्रा समय को कम कर रहा है, बल्कि इससे पर्यटन, निवेश और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण राज्य में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इस एक्सप्रेसवे से चारधाम यात्रा सहित राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच और अधिक सुगम हो जाएगी। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को “नए भारत की नई रफ्तार” का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस तरह की आधारभूत संरचना परियोजनाएं उत्तराखंड के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments