Tuesday, June 16, 2026
Homeउत्तराखंडरुड़की में मगरमच्छ का खौफ: नदी में नहाने गए 13 वर्षीय बालक...

रुड़की में मगरमच्छ का खौफ: नदी में नहाने गए 13 वर्षीय बालक की मौत, शरीर पर मिले कई काटने के निशान

रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां नदी में नहाने गए 13 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों को आशंका है कि बालक पर मगरमच्छ ने हमला किया, जबकि वन विभाग फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि से बच रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बंजारेवाला निवासी राजा (13) पुत्र प्रमोद बृहस्पतिवार शाम से लापता था। परिजनों ने उसकी देर रात तक आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों ने नदी किनारे खोजबीन की, तो वहां राजा की साइकिल और कपड़े पड़े मिले। इस दृश्य ने अनहोनी की आशंका को और गहरा कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया, जहां कुछ ही देर में बालक का शव पानी में उतराता हुआ बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही बुग्गावाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। वहीं, वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

रुड़की सिविल अस्पताल से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान बालक के शरीर पर 8 से 10 स्थानों पर किसी जंगली जीव के काटने के निशान पाए गए हैं। इतना ही नहीं, बालक का आधा कान भी कटा हुआ मिला है, जिससे मगरमच्छ के हमले की आशंका और मजबूत हो गई है।

हालांकि, खानपुर वन रेंज अधिकारी प्रियांशु पांडे ने बताया कि शव नदी में उतराता हुआ मिला है, लेकिन अभी तक क्षेत्र में मगरमच्छ की गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी की जांच की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments