काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। आरोप है कि महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की शराब में जहर मिलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया और बाद में शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और शव भी बरामद कर लिया गया है।
घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि ग्राम खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला, थाना स्वार (जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश) निवासी चंद्रवती ने 1 मई को आईटीआई कोतवाली में तहरीर देकर अपने बेटे कुलवंत सिंह के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा 25 अप्रैल को घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी पत्नी गुड्डी के पास काशीपुर के ग्राम धीमरखेड़ा पार का मंझरा जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
जब चंद्रवती ने अपनी पुत्रवधू गुड्डी से बेटे के बारे में जानकारी ली, तो उसने बताया कि कुलवंत उसी दिन शाम को घर लौटने की बात कहकर चला गया था। हालांकि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि उसी दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और कुछ लोग कुलवंत को जबरन कार में बैठाकर ले गए थे। इससे परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुड्डी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि गुड्डी का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या (निवासी मसवासी, जिला रामपुर) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मोबाइल सर्विलांस से पुष्टि हुई कि घटना के दिन दोनों आरोपी घटनास्थल पर मौजूद थे।
पुलिस हिरासत में लेकर जब गुड्डी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और उसके साथ मारपीट व उत्पीड़न करता था। इन परिस्थितियों से तंग आकर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत 25 अप्रैल को महिला ने अपने प्रेमी से सल्फास, शराब, बीयर और गिलास मंगवाए। इसके बाद कपिल मौर्या ने कुलवंत को शराब में सल्फास मिलाकर पिला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को कार में डालकर एनएच-74 बाईपास पुल से तुमड़िया डैम से निकलने वाली बड़ी नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ की मदद से शव की तलाश शुरू की और अंततः जसपुर क्षेत्र की गढ़ी हुसैन नहर से शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम में आईटीआई कोतवाली प्रभारी रवि सैनी, एसओजी प्रभारी सुनील सुतेड़ी, एसएसआई अरविंद बहुगुणा, एसआई जसविंदर सिंह और एएसआई दीपक चौहान सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।