चमोली: भारत सरकार के गृह सचिव गोविंद मोहन गुरुवार को सेना के विशेष विमान एमआई-17 से गोपेश्वर पहुंचे। उनके साथ आईटीबीपी के एडीजी संजय गुंज्याल भी मौजूद रहे। गृह सचिव का यह दौरा चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की तीर्थयात्रा को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क नजर आईं।
गृह सचिव का हेलीकॉप्टर गोपेश्वर खेल मैदान में उतरा, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने उनका स्वागत किया। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार और शनिवार को रुद्रनाथ धाम की यात्रा पर रहेंगे। यात्रा पूर्ण करने के बाद 24 मई को उनके वापस लौटने का कार्यक्रम निर्धारित है।
दौरे के दौरान गृह सचिव गोविंद मोहन शाम को गोपीनाथ मंदिर में आयोजित होने वाली सांयकालीन आरती में भी प्रतिभाग करेंगे। इसे लेकर मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गृह सचिव के कार्यक्रम को देखते हुए गोपेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आईटीबीपी और पुलिस के जवानों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार गृह सचिव का रात्रि प्रवास लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निरीक्षण भवन में रहेगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।