देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई एवं कृषि विभाग के अंतर्गत चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 473 पद सिंचाई विभाग तथा 10 पद कृषि विभाग के शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल नौकरी नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत, लगन और संकल्प का सम्मान है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत Bhuvan Chandra Khanduri को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी ने ऐसे उत्तराखंड की कल्पना की थी, जहां युवाओं की पहचान उनकी प्रतिभा और परिश्रम से हो। आज युवाओं को मिल रहे नियुक्ति पत्र इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य सरकार उनके सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। उन्होंने कहा कि जब चयन प्रक्रिया निष्पक्ष होती है, तभी योग्य और ईमानदार युवाओं को अवसर मिलता है और व्यवस्था मजबूत बनती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। आज युवाओं का चयन उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर हो रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य में विकसित हो रही नई कार्यसंस्कृति उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर रही है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार के माध्यम से लगभग 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें राज्य निर्माण की प्रक्रिया में सहभागी बनाना भी है।
मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों के परिवारों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी युवा की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, परिवार का संघर्ष और वर्षों की मेहनत छिपी होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी चयनित अभ्यर्थी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और राज्य तथा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है। पिछले चार वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि राज्य का बजट आकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है और रिवर्स पलायन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि अब पहाड़ का युवा पलायन नहीं, बल्कि अपने प्रदेश में संभावनाएं देख रहा है।