ऋषिकेश में चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों पर लगातार बढ़ रही भीड़ अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। रविवार को ट्रांजिट कैंप स्थित पंजीकरण काउंटरों पर भारी संख्या में पहुंचे तीर्थयात्रियों के कारण फिर से अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान एक यात्री ने रोडवेज टिकट काउंटर पर जोर से धक्का मार दिया, जिससे काउंटर का शीशा टूट गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और पुलिस ने स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र से आए एक तीर्थयात्री ने जल्द पंजीकरण कराने को लेकर हंगामे के बीच टिकट काउंटर पर दबाव बनाया। इसी दौरान उसने काउंटर को धक्का मारा, जिससे शीशा टूट गया। रोडवेज कर्मचारियों ने तत्काल युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में समझौते के तहत युवक ने रोडवेज संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के एवज में 1000 रुपये का जुर्माना जमा किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
सुबह से लगी रही लंबी कतारें
चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश में पंजीकरण कराने पहुंचे हजारों श्रद्धालु रविवार सुबह से ही लाइन में खड़े दिखाई दिए। ट्रांजिट कैंप में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ती रही और कतारें खत्म होने के बजाय और लंबी होती चली गईं। पिछले पांच दिनों से लगातार बढ़ रहे दबाव के कारण पंजीकरण व्यवस्था चरमरा गई है।
कई तीर्थयात्री सुबह छह बजे से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन जब तक उनका नंबर आया तब तक कई काउंटर बंद हो चुके थे। इससे यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली।
प्रशासन ने लागू की स्लॉट व्यवस्था
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यात्रा प्रशासन ने स्लॉट व्यवस्था लागू कर दी है। शनिवार को स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि महज 4 घंटे 41 मिनट में ही चारधाम यात्रा के सभी स्लॉट फुल हो गए। इसके बाद प्रशासन ने यात्रियों से काउंटर खाली करने की अपील की।
हालांकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु शाम तक काउंटरों के बाहर डटे रहे। बाद में प्रशासन ने घोषणा की कि अगला पंजीकरण रविवार सुबह छह बजे से शुरू होगा, जिसके बाद कई यात्री धर्मशालाओं और होटलों की ओर रवाना हुए।
बदरीनाथ और केदारनाथ के लिए ही मिल रहे स्लॉट
यात्रा प्रशासन की ओर से कुछ काउंटरों को बंद कर दिया गया था, जबकि कुछ काउंटरों पर केवल बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए पंजीकरण जारी रखा गया। काउंटरों पर पहुंच रहे यात्रियों को केवल दो धामों के स्लॉट की जानकारी दी जा रही थी, जबकि चारधाम यात्रा के पूर्ण पंजीकरण के लिए स्लॉट उपलब्ध नहीं मिल पा रहे थे।
स्थिति यह रही कि कई श्रद्धालुओं को घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद पंजीकरण नहीं मिल सका। लगातार बढ़ती भीड़ और सीमित स्लॉट के कारण तीर्थयात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में
पंजीकरण केंद्रों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।