Tuesday, June 9, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, दून में 41 डिग्री तक पहुंच...

उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, दून में 41 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा; पहाड़ों में बारिश के आसार

देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मैदानी क्षेत्रों में चुभती और झुलसाने वाली गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। राजधानी देहरादून समेत कई इलाकों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिन के साथ-साथ शाम के समय भी लू जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को दून का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है।

प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। रविवार के बाद सोमवार को भी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार दूसरे दिन तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया, जबकि दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा दिखाई दिया।

गर्मी का असर केवल दिन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शाम के समय भी गर्म हवाएं चलती रहीं। लोगों को रात में भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने भीषण गर्मी और लू को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के रंग के सूती कपड़ों का इस्तेमाल करें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

पहाड़ों में हल्की बारिश के आसार

जहां मैदानी क्षेत्र गर्मी से तप रहे हैं, वहीं पर्वतीय जिलों में मौसम करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों से सटे पहाड़ी इलाकों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 31 मई तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में अगले तीन से चार दिनों तक भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments