Tuesday, June 9, 2026
Homeउत्तराखंडUttarakhand Weather Update: बारिश से मिली राहत, कई जिलों में ओलावृष्टि और...

Uttarakhand Weather Update: बारिश से मिली राहत, कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज तूफान का ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को आखिरकार राहत मिल गई है। गुरुवार देर रात से देहरादून, मसूरी समेत कई इलाकों में शुरू हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने उमस और तेज गर्मी से राहत महसूस की।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम और अधिक खराब रहने की संभावना है। विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर तेज दौर की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने वहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी बनी हुई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेशभर में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। विभाग के अनुसार तीन जून तक पूरे उत्तराखंड में मौसम बदला हुआ रहेगा और बीच-बीच में बारिश, तेज हवाएं और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने पर्यटकों, यात्रियों और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने को कहा गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments