Friday, November 20, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डगौचर, चमोली में मेगा पूर्व सैनिक रैली का किया आयोजन

गौचर, चमोली में मेगा पूर्व सैनिक रैली का किया आयोजन

देहरादून। मुख्यालय 9 (स्वतंत्र) माउंटेन ब्रिगेड ग्रुप ने मुख्यालय उत्तर भारत एवं मुख्यालय मध्य कमान के तत्वावधान में उत्तराखंड के जनपद चमोली के गौचर में एक मेगा पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में चमोली, रुद्रप्रयाग, जोशीमठ, उखीमठ एवं तिलवाड़ा सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं वीरगति प्राप्त सैनिकों की विधवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली के दौरान उपस्थित लोगों के पंजीकरण एवं उनकी समस्याओं के समाधान हेतु एक पूर्व सैनिक सहायता केंद्र स्थापित किया गया। इसमें ईसीएचएस, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड चमोली एवं रुद्रप्रयाग, डायरेक्टरेट ऑफ इंडियन आर्मी वेटरन्स, आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर रिकॉर्ड्स कार्यालय, एआरओ लैंसडाउन तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन प्रतिनिधियों ने पूर्व सैनिकों को पेंशन, चिकित्सा सुविधाओं, दस्तावेजों एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान में सहायता प्रदान की। साथ ही, भारत सरकार, भारतीय सेना एवं उत्तराखंड सरकार के संचालित नवीनतम नीतियों, योजनाओं एवं सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी।

रैली के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहभागिता से एक चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न आयु संबंधी एवं जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा वरिष्ठ राज्य एवं जिला प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में वीर नारियों एवं युद्ध में वीरगति प्राप्त सैनिकों की विधवाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने पूर्व सैनिकों की अमूल्य सेवाओं एवं उनके त्याग और बलिदान की सराहना की। उन्होंने पूर्व सैनिकों के कल्याण एवं हितों के लिए मुख्यालय मध्य कमान तथा उत्तराखंड सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन रुद्रप्रयाग बटालियन के पाइप बैंड द्वारा प्रस्तुत शानदार बैंड प्रदर्शन एवं सामूहिक भोज के साथ हुआ।

इस रैली ने भारतीय सेना की पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण, सम्मान एवं समग्र हितों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को पुनः प्रदर्शित किया। विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में निवास कर रहे पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों तक कल्याणकारी सुविधाएं एवं सहायता पहुंचाने के भारतीय सेना के संकल्प को इस आयोजन के माध्यम से सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया गया।

Post navigation

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments