Thursday, October 29, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डनैनीताल-भवाली रोड: दरारें बयां कर रही हैं सड़क का हाल

नैनीताल-भवाली रोड: दरारें बयां कर रही हैं सड़क का हाल

नैनीताल। मानसून सत्र करीब है, लेकिन नैनीताल-भवाली रोड पर अभी तक पिछले साल अक्तूबर में आई आपदा के जख्म नहीं भरे गए। पिछले कुछ दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच इस सड़क पर कई जगह दरारें साफ नजर आने लगी हैं। यदि समय रहते इनकी मरम्मत नहीं की गई तो आगामी बरसात में सड़क के दरकने का खतरा पैदा हो सकता है।
बता दें कि पिछले साल 18 व 19 अक्तूबर को आई आपदा में नैनीताल भवाली रोड पर कई स्थानों पर सड़कों की सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। छह माह की इस अवधि में लोनिवि ने अभी तक केवल जोखिया में स्थित देवी मंदिर से ऊपर की ओर एक क्षतिग्रस्त दीवार को ही ठीक कराया है जबकि दो-तीन स्थानों पर अभी भी दीवारें क्षतिग्रस्त हैं। इन स्थानों पर सड़क संकरी हो गई है जिससे आए दिन यहां जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
वहीं दूसरी ओर नैनीताल से भवाली तक की 11 किलोमीटर की इस सड़क पर 20 से 25 स्थानों पर सड़क खाई की ओर धंस रही है। सबसे अधिक दरारें पाइंस से लेकर नैनीताल के छावनी क्षेत्र तक हैं। यहां पाइंस में दो स्थानों पर, श्मशान घाट के मुख्य द्वार के समीप, कब्रिस्तान के समीप व कैलाखान क्षेत्र में कई जगह सड़क का खाई की ओर को धंसाव और उसमें पड़ी दरारें साफ नजर आ रही हैं। ऐसे में आगामी बरसाती सीजन में सड़क के धंसने और टूटने का खतरा कई गुना बढ़ गया है। बावजूद इसके अभी तक जिला प्रशासन और लोनिवि ने सड़क की स्थिति को ठीक कराने की कोई पहल नहीं की है।
-कोट
पिछले साल आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुई नैनीताल-भवाली रोड की मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन पैसा स्वीकृत नहीं हुआ। केवल दस लाख रुपये ही मिले थे जिससे काम कराया जा रहा है। यह सड़क कई जगह धंस रही है। इसका संज्ञान विभाग ने लिया है। सड़क को ठीक कराने के लिए विभाग को कम से कम एक करोड़ रूपये की जरूरत है। धंसाव वाले हिस्सों की जांच के लिए टिहरी हाइड्रो डवलपमेंट कारपोरेशन (टीएचडीसी) को भी लिखा गया है। – दीपक गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोनिवि नैनीताल।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments