Friday, October 30, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डतपती गर्मी में मौसम रहा मेहरबान, उत्तराखंड में मई में सामान्य से...

तपती गर्मी में मौसम रहा मेहरबान, उत्तराखंड में मई में सामान्य से 58 फीसदी ज्यादा बरसे मेघ-किसानों को नुकसान

उत्तराखंड में तपते मार्च और झुलसाने वाले अप्रैल के बाद मई राहत लेकर आया है। महीने की शुरुआत से ही कुछ दिनों के अंतराल में बारिश हो रही है। मौसम के इस बदले मिजाज से नुकसान भी देखने को मिला है, लेकिन बारिश ने गर्मी के भीषण रूप से काफी हद तक शांत किया है। ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को बहुत नुकसान हुआ है। इस माह की पहली से 24 तारीख तक पूरे उत्तराखंड में सामान्य से 58 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, प्रदेश में 24 मई तक सामान्य तौर पर 50.7 मिलीमीटर बारिश होती है। लेकिन इस बार अभी तक 80 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। सोमवार को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते विभिन्न जिलों में करीब 6 घंटे तक अच्छी बारिश हुई।
ऐसे में पूरे प्रदेश में 7.5 मिलीमीटर बारिश 24 घंटे के भीतर रिकॉर्ड हुई है। इस बारिश से सामान्य से कम बारिश वाला चम्पावत और नैनीताल जिला भी प्लस में आ गया है। वहीं सर्वाधिक बारिश वाले जिलों में पिथौरागढ़ जिला सामान्य से 160 फीसदी ज्यादा बारिश के साथ पहले नंबर पर है। जबकि बागेश्वर में 135 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है।
बारिश ने नौतपा को किया बेअसर
मई के नौ दिन अमूमन सबसे गर्म होते हैं। इसे ‘नौतपा’ कहा जाता है। मौसम का ये चक्र हर साल 25 मई से शुरू होता है और 2 जून तक इसका प्रभाव रहता है। बुधवार से नौतपा का क्रम शुरू हो रहा है। लेकिन सोमवार को हुई बारिश के बाद तापमान में अचानक आई भारी गिरावट के चलते मौसम का मिजाज बदल गया है। ऐसे में नौतपा की प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। ऐसा होता है तो 11 सालों में लगातार दूसरी बार नौतपा बेअसर रहेगा। अधिकतम पारा 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
नैनीताल में 24 घंटे में 15 एमएम बारिश हुई
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से नैनीताल जिले में 24 घंटे में झमाझम बारिश हुई है और इससे तापमान में गिरावट दर्ज हुई। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, जिले में बीते 24 घंटे में 15 मिलीमीटर औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है। नैनीताल में 15 एमएम, हल्द्वानी (काठगोदाम क्षेत्र) में 11, कोश्याकुटौली में 19, धारी में 17, बेतालघाट में 21.1, कालाढूंगी में 12, और मुक्तेश्वर में 18.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इधर, मंगलवार सुबह से हल्द्वानी सहित नैनीताल जिले के तमाम क्षेत्रों में बादल छाए रहे।
ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को बहुत नुकसान हुआ है। ग्राम पंचायत बांसी में ओलावृष्टि से आलू, मिर्च बींस व मटर की फसलों के साथ ही आडू, खुमानी, पुलम आदि फलों के बगीचों को भारी नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान लाल सिंह, बीडीसी मेंबर प्रकाश सिंह, मदन सिंह, नारायण सिंह, कृपाल सिंह, जीवन राम, नंदन सिंह आदि ने नुकसान के मुआवजे की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments