Monday, November 2, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डसोशल मीडिया पर कमेंट के विवाद में चली गोली

सोशल मीडिया पर कमेंट के विवाद में चली गोली

रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर बहस को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर सरेआम गोली चला दी गई। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर हमलावरों की पहचान कर ली है। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
रविवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे फुलसुंगी के एक निजी अस्पताल के बाहर फायरिंग की आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए। भागकर लोग मौके पर पहुंचे तो एक युवक घायल अवस्था में मिला। लोगों को आता देख हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। वहीं हमलावरों का जल्दबाजी में एक तमंचा भी मौके पर छूट गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। दिनदहाड़े फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बिगवाड़ा निवासी शानुप्रताप (24) घर के पास ही दूध की डेयरी संचालित करता है। पुलिस ने बताया कि शिवम नाम के युवक की इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर उसने कुछ टिप्पणी कर दी थी, जिसके बाद ऑनलाइन विवाद हो गया था। शनिवार शाम को कुछ युवक उसकी डेयरी की दुकान पर भी पहुंचे थे जहां दोनों पक्षों के बीच काफी बहस हुई। कहा जा रहा है कि डेयरी की दुकान पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।
पुलिस ने बताया कि शानुप्रताप का चचेरा भाई बीमार होने के चलते फुलसंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। उसे खाना देने के लिए वह रविवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे जा रहा था। इसी दौरान एक युवक ने शानु प्रतात को मौके पर देखा तो फोन कर अन्य साथियों को बुला लिया और शानु प्रताप से उलझ गए। इसी दौरान उस पर फायरिंग भी की गई, गोली युवक के गले को छूती हुई निकल गई जिससे वह घायल होकर चिल्लाने लगा। लोगों को आता देख हमलावर भाग गए।
घटना की जानकारी मिलने पर ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र के एसआई पूरन सिंह तोमर, एसआई मनोज कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से घटना की जानकारी ली और घायल शानुप्रताप को जिला चिकित्सालय भिजवाया।
धारा 307 में दर्ज हुआ मुकदमा
रुद्रपुर। पुलिस ने बताया कि फायरिंग की घटना में शामिल युवकों की पहचान शिवम, सूरज, जस्सी, विवेक परगाई, अर्पित व पंकज के रूप में की गई है। ट्रांजिट कैंप थाने में सभी के खिलाफ जान से मारने के प्रयास के तहत आईपीसी की धारा 307 में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शानु नाम के युवक का इंस्टाग्राम पर विवाद हुआ था, जिसे लेकर आपस में छीनाझपटी व विवाद हुआ। इसी बात को लेकर फायरिंग होने की बात प्रकाश में आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। -अभय सिंह, सीओ रुद्रपुर

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments