Thursday, November 5, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डपारा 40 के पार, अगले सात दिन होगा और बुरा हाल, बढ़ती...

पारा 40 के पार, अगले सात दिन होगा और बुरा हाल, बढ़ती तपिश में बिजली कटौती के साथ पानी के भी पड़े लाले

राजधानी दून मे लगातार कई दिनों से पारे के 40 के ऊपर जाने से जहां लोगों का गर्मी से बुरा हाल हो रखा है, वहीं बिजली कटौती ने तो लोगों का दम ही निकालकर रख दिया है। बिजली कटौती से कई क्षेत्रों में लोगों को पीने के पानी के लिए भी लाले पड़ रहे हैं। शहर के कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारु न होने से लोग परेशान हैं।आए दिन किसी न किसी क्षेत्र में अक्सर बिजली और पानी की दिक्कत बनी रहती है। शहर से सटे हरिपुर नवादा और इसके आसपास की कॉलोनियों में पिछले दो दिन से पानी नहीं आ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यहां पर पिछले दो महीने से अक्सर पानी का संकट हो रहा है। कभी लाइन खराब होने तो कभी ट्यूबवेल में खराबी से पर्याप्त पानी नहीं आ पाता है। क्षेत्रवासी निजी टैंकर से पानी मंगाने को मजबूर हैं।एक टैंकर के 500 रुपये भी देने पड़ते हैं। लोगों की शिकायत है कि जल संस्थान के अधिकारी सिर्फ आश्वासन ही दे रहे हैं। हरिपुर के सैनिक कॉलोनी निवासी गौरव मिश्रा ने बताया कि सैनिक कॉलोनी, द्वारिकेशपुरम, विवेकानंद कालोनी आदि क्षेत्रों में पिछले दो महीने से अधिक समय से पानी का संकट बना हुआ है।
बिजली कटौती से भी जूझे कई क्षेत्र के लोग
बताया कि पिछले दो दिन से तो पानी आ ही नहीं रहा है। पानी के टैंकरों से लोग प्यास बुझा रहे हैं। दिपेश नेगी, धर्म सिंह रावत, डीएस नैथानी, बलाम सिंह नेगी आदि ने भी कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। वहीं, जल संस्थान के जूनियर इंजीनियर पीएमएस नेगी का कहना है कि ट्यूबवेल में खराबी की वजह से यह दिक्कत आई। ट्यूबवेल को ठीक करा दिया गया है। अब पानी की समस्या नहीं होगी।
जून के पहले सप्ताह में ही 40 डिग्री पहुंचा तापमान
हल्द्वानी में सूरज की तपिश से जून के पहले सप्ताह में ही तापमान रिकॉर्ड 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इससे पहले 22 जून 2018 को तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। गर्मी से झुलस रहे लोगों को अभी कुछ दिन और राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार सात जून तक तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। बढ़ते तापमान को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि इस समय नमी नहीं होने और ड्राई हवा के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पाकिस्तान से शुष्क हवाएं उत्तर भारत की तरफ बढ़ी हैं, इसका असर तापमान पर देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे सप्ताह इसी तरह गर्मी का प्रकोप रहेगा। बीच-बीच में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। इधर लगातार दूसरे दिन गर्म मौसम के कारण हो रही उमस ने लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर दिया है। लोग चेहरा ढककर बाहर निकल रहे हैं। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 20.8 डिग्री सेल्सियस जबकि मुक्तेश्वर का 29 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments