हरिद्वार में आयोजित होगा विशेष कार्यक्रम
हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 मार्च को हरिद्वार पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत पांच पात्र व्यक्तियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। प्रमाणपत्र मिलने के साथ ही ये सभी आधिकारिक रूप से भारत के नागरिक बन जाएंगे।
यह कार्यक्रम हरिद्वार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान संपन्न होगा, जहां गृह मंत्री केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे।
सभी आवेदनों की प्रक्रिया पूर्ण
जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि जिन पांच लोगों को नागरिकता दी जानी है, उनके नाम राज्य सरकार को भेज दिए गए हैं। सभी आवेदकों की जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निर्धारित प्रावधानों के तहत उन्हें नागरिकता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नागरिकता संशोधन अधिनियम के अंतर्गत प्रत्येक आवेदन की गहन जांच के बाद ही प्रमाणपत्र जारी किया जाता है।
एक वर्ष में 162 लोगों को मिली नागरिकता
जनगणना निदेशालय के माध्यम से बीते एक वर्ष में पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए 162 लोगों को सीएए के तहत भारतीय नागरिकता प्रदान की जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, इनमें अधिकांश लोग 1990 के दशक में या वर्ष 2000 से 2010 के बीच भारत आए थे और लंबे समय से यहां निवास कर रहे थे।
बांग्लादेश से आए आवेदनों पर प्रक्रिया जारी
सीएए के तहत बांग्लादेश से आए कई लोगों ने भी भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया है। जनगणना विभाग के मुताबिक इन आवेदनों की जांच प्रक्रिया जारी है और अभी किसी को नागरिकता प्रदान नहीं की गई है।
हरिद्वार में प्रस्तावित यह कार्यक्रम नागरिकता संशोधन अधिनियम के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।